टनकपुर (चंपावत)। चुनाव समिति ने नगर व्यापार मंडल के चुनाव की तिथि घोषित कर दी है। दो दिसंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी और 18 दिसंबर को मतदान और मतगणना के बाद चुनाव नतीजों की घोषणा की जाएगी। चुनाव तिथि घोषित होते ही संभावित दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं।
बृहस्पतिवार को हुई व्यापार मंडल चुनाव समिति की बैठक में 18 दिसंबर को चुनाव कराने का फैसला लिया गया। समिति ने तय किया कि 26 नवंबर तक सदस्यता अभियान चलेगा और दो दिसंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह दिसंबर होगी। सात दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। आठ दिसंबर को नामांकन कराने वाले प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकते हैं। जीजीआईसी के सामने चुनाव अधिकारी धर्मानंद पांडेय की दुकान पर नामांकन पत्रों का वितरण और जमा प्रक्रिया होगी। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक ही नामांकन पत्रों का वितरण, जमा किए जाएंगे। 18 दिसंबर की सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदेय स्थल पंचमुखी धर्मशाला में मतदान होगा। दोपहर तीन बजे वहीं मतों की गिनती कर नतीजों की घोषणा की जाएगी। समिति की बैठक में चुनाव अधिकारी धर्मानंद पांडेय समेत भगवत सरन, संजय अग्रवाल, राजीव आर्य आदि थे।