मतदान केंद्र में सुरक्षित दूरी के बनाए गए रिंग।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। नगर व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव कमेटी ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 765 व्यापारी मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रशासन ने मतदान के दौरान कोरोना से बचाव के नियमों का पालन और मतदान केंद्र में सैनिटाइज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
चुनाव अधिकारी धर्मानंद पांडेय, संजय अग्रवाल, राजीव आर्य व भगवत सरन ने बृहस्पतिवार को मतदान स्थल में तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मतदान चुनाव कमेटी की निगरानी में और कोरोना से बचाव के नियमों का पालन सुनिश्चित कराते हुए कराया जाएगा। मतदाताओं को सुरक्षित दूरी पर लाइन में लगाने के लिए रिंग बनाए गए हैं। प्रत्याशी, प्रशासन, मीडिया के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान होगा और मतदान के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू कर विजेता प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने प्रत्याशियों और उनके बूथ एजेंटों से मतदान शुरू होने से पहले सुबह सात बजे तक मतदान स्थल गांधी मैदान में पहुंचने की अपील की है। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि तहसील के तीन कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने से चुनाव को लेकर व्यापारियों के साथ प्रस्तावित बैठक स्थगित करनी पड़ी है। चुनाव कमेटी को कोरोना से बचाव के नियमों का पालन कराते हुए मतदान कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
अध्यक्ष, महामंत्री पद त्रिकोणीय मुकाबला
टनकपुर (चंपावत)। व्यापार मंडल अध्यक्ष और महामंत्री पद पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा। अध्यक्ष पद के लिए मुकेश भट्ट, शाहिद और मनोज प्रजापति मैदान में हैं तो महामंत्री के लिए संजय पांडेय, निगम गुप्ता और गिरीश वर्मा के बीच मुकाबला है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार उर्फ चीनू और अंकित अग्रवाल के बीच सीधी टक्कर होगी। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर एक मात्र प्रत्याशी होने से मोहित गड़कोटी का निर्विरोध चुना जाना तय है। संवाद
व्यापार मंडल से सब्जी मंडी की समस्या दूर कराने की उम्मीद
टनकपुर (चंपावत)। व्यापार मंडल चुनाव की सरगर्मी के बीच व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी से व्यापारियों को काफी उम्मीद भी है। मतदाता व्यापारी बाजार से जुड़ी कई मूलभूत समस्याओं को प्रत्याशियों के समक्ष उठाते हुए इन्हें दूर कराने की उम्मीद जता रहे हैं। बाजार से जुड़ी समस्याओं में शामिल अलग सब्जी मंडी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ रहा है। प्रशासन और नगर पालिका के स्तर पर कई बार शहर में अलग सब्जी मंडी बनाने की पहल हुई लेकिन यह पहल धरातल पर नहीं उतर पाई है। व्यापारियों को उम्मीद है कि व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी सब्जी मंडी की समस्या को दूर कराने में असरदार पहल करेगी।