अतिथियों के साथ विवेकानंद स्कूल व केवि वन बनबसा टीम के खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रतिभा खोज अंतरविद्यालयी अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल शुक्रवार को खेला गया, इसमें विवेकानंद विद्या मंदिर स्कूल की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
स्टेडियम मैदान में चल रही प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को विवेकानंद विद्या मंदिर टनकपुर और केंद्रीय विद्यालय वन बनबसा के बीच मुकाबला हुआ। शुभारंभ युवा समाजसेवी योगेश पांडेय ने किया। विवेकानंद ने 15 ओवरों में 132 रन बनाए। दिपांशु बोहरा ने 29 गेंदों पर 56 रन, हर्षित ने 16 गेंदों पर 26 रन बनाए।
जवाब में केंद्रीय विद्यालय की टीम निर्धारित 15 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 76 रन ही बना सकी। मैच के निर्णायक कुलदीप कुमार एवं अरुण परगांई थे। अंकित शुक्ला ने मैच का आंखों देखा हाल सुनाया। आयोजक फाउंडेशन के जिला समन्वयक दीपक सेठी ने बताया कि फाइनल मुकाबला शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगा। प्रतियोगिता के आयोजन में सोनू बोहरा, हर्षित, नितिन भारती आदि सहयोग दे रहे हैं।