नेपाल सीमा से लगे चंपावत-मंच-तामली (सीएमटी) मार्ग के हॉटमिक्स में गुणवत्ता की खामी से खफा तामली वालों ने काम रुकवाया और प्रदर्शन किया। काम रोके जाने की जानकारी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने एक टीम मौके को रवाना कर ग्रामीणों को समझाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीएमटी मार्ग पर नाली और स्कबर के बगैर ही हॉटमिक्स का काम शुरू कर दिया गया है। निकासी नहीं होने से रोड की मजबूती प्रभावित होगी। नागरिकों ने नाली और स्कबर बनाने के बाद हॉटमिक्स का काम करने की मांग की। फिलहाल ग्रामीणों ने हॉटमिक्स को आई मशीन को काम नहीं करने दिया। विरोध-प्रदर्शन में पोलप के प्रधान प्रेम प्रसाद, नवीन जोशी, कैलाश सिंह, प्रहलाद सिंह, रवि जोशी, महेश जोशी, गणेश दत्त जोशी, भरत सिंह, गिरीश जोशी, मदन पांडेय, राजेश पांडेय आदि शामिल थे। 52 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में 19.1 करोड़ रुपये से हॉटमिक्स किया जाना है।
वार्ता को लोनिवि ने भेजी टीम
लोनिवि के ईई बीसी पंत का कहना है कि दो दिन पहले काम शुरू किया गया है। कई जगह ड्रेनेज की व्यवस्था ठीक नहीं होने से काम तामली से एक किलोमीटर पीछे से शुरू किया गया था। ड्रेनेज के लिए ह्यूम पाइप डाले गए हैं। इसके बाद यहां भी काम शुरू किया जाएगा। ईई का कहना है कि हॉटमिक्स का काम पूरे 52 किमी में होगा। ग्रामीणों की आपत्ति के बाद वार्ता के लिए चंपावत से सहायक अभियंता अनुपम राय को मौके पर भेजा गया है।