जिले की छतकोट ग्राम पंचायत में ऑल वेदर रोड के लिए क्रशर लगाए जाने का विरोध तेज हो गया है। बृहस्पतिवार को क्रशर के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर मौके पर पहुंचे तहसीलदार गोविंद प्रसाद का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। क्रशर के विरोध में बृहस्पतिवार सुबह से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने तहसीलदार के आश्वासन पर धरना स्थगित किया।
आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि कुछ लोग मानकों की अनदेखी कर जबर्दस्ती क्रशर खोलने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि प्रस्तावित भूमि पर 15 दिन पहले ही प्रत्येक परिवार ने गहत की खेती से दस हजार से 15 हजार रुपये तक की आमदनी की है। ग्रामीणों का कहना था कि क्रशर खोलने संबंधी प्रस्तावित भूमि से 100 मीटर की दूरी पर कोट अमोड़ी ग्राम पंचायत के नल्ला और ईजरा तोक पड़ते हैं। इसके अलावा छतकोट ऐड़ीसेरा जाने वाला पेयजल स्रोत भी वहीं पर स्थित है, जो क्रशर लगाने के बाद प्रदूषित हो जाएगा। इसके अलावा जिस स्थान पर जबरदस्ती क्रशर खोलने का प्रयास किया जा रहा है उसके निकट गांव के मंदिर भी स्थित हैं।
विरोध प्रदर्शन और तहसीलदार का घेराव कर ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक बोहरा, विजय राणा, पूरन सिंह, हयात बोहरा, कुंदन सिंह, केदार सिंह, नाथ सिंह, इंद्र सिंह, राजन सिंह, भीम सिंह, सोवली देवी, गोपी देवी, हीरा देवी, जगत सिंह, जसी देवी, जानकी देवी, धरम सिंह, चंदन सिंह, मिलाप सिंह, प्रहलाद राम, हरीश राम, महेश सिंह आदि ग्रामीण शामिल रहे।
क्रशर समर्थक ग्रामीण भी कर चुके हैं प्रदर्शन
चंपावत। छतकोट ग्राम पंचायत में क्रशर लगाने और विरोध को लेकर ग्रामीण दो धड़ों में बंट गए हैं। बृहस्पतिवार को जहां क्रशर विरोधियों ने प्रदर्शन किया वहीं दो दिन पूर्व क्रशर लगाने के समर्थन में भी कुछ ग्रामीण तहसील में प्रदर्शन कर चुके हैं।