चंपावत। जिला पंचायत में बने आधार केंद्र में अभद्रता करने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को एक युवक ने फिर से आधार कर्मी से अभद्रता करने के साथ ही कागजातों को भी फाड़ दिया। कामन सेंटर सर्विस (सीएससी) के समन्वयक ने इस बावत डीएम को शिकायती पत्र भेजा है। साथ ही असुरक्षा के माहौल में काम करने में असमर्थता जताई है। इससे पूर्व बृहस्पतिवार को भी कुछ लोगों ने आधार कर्मी से अभद्रता की थी। जिसके बाद आधार कर्मी काम छोड़ कर चला गया था। जिससे तीन दिन तक आधार कार्ड का बनना बंद हो गया था।
सीएससी के समन्वयक कुलदीप भंडारी ने बताया कि बुधवार की सुबह आधार कर्मी सुनील जोशी लोगों के आधार बना रहे थे। आधार बनाने के लिए लिस्ट में नाम लिखा जा रहा था। इसी दौरान एक युवक ने बिना लिस्ट में नाम लिखाए आधार कार्ड बनवाने की बात कही। आधार कर्मी ने भीड़ का हवाला देते हुए नाम लिखवाने को कहा। जिस पर युवक भड़क गया और अभद्रता पर उतर आया। इसी दौरान युवक नाम लिखी लिस्ट को फाड़ कर फरार हो गया। समन्वयक कुलदीप ने बताया कि उन्होंने डीएम को पत्र भेज सुरक्षा की गुहार लगाई है।
समन्वयक ने असुरक्षा के माहौल में काम करने में असमर्थता जताई है। उनका कहना है कि इससे पूर्व बृहस्पतिवार को भी कुछ लोगों ने आधार कर्मी पवन कलौनी के साथ अभद्रता की थी। डीएम से शिकायत के बाद सोमवार और मंगलवार को पुलिस सुरक्षा में आधार कार्ड बनाए गए। लेकिन आज सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर आधार कर्मी से फिर से अभद्रता की गई। गौरतलब है कि जिले के पहाड़ी हिस्से की बड़ी आबादी के कार्ड एकमात्र जिला पंचायत में बने आधार केंद्र से बन रहे हैं। इस केंद्र के बंद होने से लोगों को 136 किमी. दूर बनबसा स्थित जिले के दूसरे आधार केंद्र की शरण लेनी होगी।
तीन दिन में जारी हुए 60 आधार कार्ड
चंपावत। बृहस्पतिवार को आधार कर्मी से अभद्रता होने के बाद केंद्र तीन दिन बंद रहा। पुलिस सुरक्षा मिलने के बाद सोमवार से आधार कार्ड बनने शुरू हुए। सोमवार से अब तक जिला पंचायत में बने केंद्र से 60 कार्ड बनाए जा चुका है। सर्वर में खराबी आने से कार्ड बनाने का काम प्रभावित हो रहा है। जबकि आए दिन अभद्रता से कर्मचारियों में डर का माहौल है। ऐसे में दूर दराज से आने वाली ग्रामीण जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।