लोकसभा चुनावों में मतदान के लिए सहमति पत्र एसडीएम शिप्रा जोशी को सौंपते सिंगदा के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
सड़क सुविधा की मांग को लेकर रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा देने वाले विकासखंड बाराकोट के सिंगदा के ग्रामीणों को प्रशासन ने मतदान के लिए मना लिया है। एसडीएम और ग्रामीणों की बीच हुई वार्ता के बाद ग्रामीण मतदान के लिए तैयार हो गए हैं। उन्होंने डीएम को पत्र लिखकर मतदान करने की बात कही है।
बता दें कि 27 मार्च को रिटायर्ड फौजी पुष्कर सामंत के नेतृत्व में सिंगदा के ग्रामीणों ने लोहाघाट एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव के सड़क सुविधा से वंचित होने पर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया था। ग्रामीणों का कहना है कि पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से सिंगदा गांव चार किमी दूर है। सबसे अधिक दिक्कतें गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बीमारों को लाने और ले जाने में होती है।
ऐसे में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमारों को सड़क तक लाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ता। इन्हें डोलियों से सड़क तक लाने में करीब दो घंटे लग जाते हैं।
कई लोग तो रास्ते में ही दम तोड़ चुके हैं। पुष्कर सामंत का कहना है कि उनके गांव में 200 परिवार रहते हैं जिनमें करीब 700 वोटर हैं। रविवार को एसडीएम शिप्रा जोशी ने सिंगदा गांव में जाकर ग्रामीणों से वार्ता की और ग्रामीण मतदान के लिए राजी हो गए। वहां ग्राम प्रधान चंद्रा देवी, राम सिंह, राजेंद्र सिंह, पुष्कर सामंत, स्वीप के नोडल अधिकारी जीवन कलौनी मौजूद थे।