खनन से प्रभावित होने वाले आसपास के गांवों की सुरक्षा और विकास अब जिला खनन न्यास मद से होगा। केंद्र सरकार के आदेश पर जिले में खनन न्यास का गठन किया गया है। इस मद में खनिज निकासी पर 1.75 रुपये प्रति क्विंटल की धनराशि जमा होगी। न्यास मद के शुल्क का भार खनन कारोबारियों पर कम पड़े इसके लिए वन निगम एक रुपये प्रति क्विंटल शुल्क अपने मद से वहन करेगा, जबकि शेष 75 पैसे प्रति क्विंटल खनन कारोबारियों से रायल्टी के साथ वसूली जाएगी।
खनन से प्रभावित होने वाले आसपास के गांवों की सुरक्षा और विकास के लिए केंद्र सरकार के आदेश पर जिले में खनन न्यास मद का गठन किया गया है। आदेश के तहत खनिज निकासी पर न्यास मद में 1.75 रुपये प्रति क्विंटल धनराशि जमा होगी। खनन प्रभारी हरीश पाल ने बताया कि खनन न्यास मद के लिए तय शुल्क की वसूली शुरू कर दी गई है। उनके मुताबिक अब तक खनिज निकासी पर 19.10 रुपये प्रति क्विंटल रायल्टी वसूली जा रही थी, जो खनन न्यास मद के जुड़ने के बाद बढ़कर 19.85 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है।
उन्होंने बताया कि खनन कारोबारियों पर खनन न्यास मद का भार कम पड़े इसके लिए निगम ने एक रुपये प्रति क्विंटल अपने मद से वहन करने का निर्णय लिया है, जबकि शेष 75 पैसे खनन कारोबारियों से रायल्टी के साथ वसूली जा रही है। खनन प्रभारी ने बताया कि खनन न्यास मद में जमा होने वाली धनराशि से खनन क्षेत्र के आसपास के प्रभावित होने वाले गांवों की सुरक्षा व विकास कार्य में खर्च होगा।
-रायल्टी चोरी रोकने को चोर रास्तों पर नाली का खुदान शुरू
टनकपुर। चोर रास्तों से अवैध खनिज निकासी रोकने को वन विभाग ने जेबीसी की मदद से चोर रास्तों पर नाली का खुदान शुरू कर दिया है। खनन प्रभारी हरीश पाल ने बताया कि शारदा के डाउन स्ट्रीम में वाहनों के अवैध रास्तों से आवाजाही रोकने को पहले ही चोर रास्तों पर नाली खोदी जा चुकी है। वहीं शनिवार से वन विभाग ने अप स्ट्रीम क्षेत्र के चोर रास्तों पर भी नाली का खुदान शुरू कर दिया है। ब्यूरो
कम रेट में खनिज की खरीद से वाहन मालिकों में रोष
टनकपुर। स्टोन क्रशर मालिकों द्वारा तय दर से कम पर खनिज खरीदे जाने से खनिज निकासी कर रहे वाहन मालिकों में खासा रोष बना हुआ है। उन्होंने क्रशर मालिकों पर मजबूरी का फायदा उठा वाहन मालिकों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। शक्तिमान ट्रक यूनियन के पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ज्याल योगी के मुताबिक बैठक में क्रशर मालिकों ने 62 रुपये प्रति क्विंटल खनिज खरीदने की बात कही थी, लेकिन अब वाहन मालिकों की मजबूरी का फायदा उठाकर 57 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर वाहन मालिकों का उत्पीड़न रोकने की मांग की है। ब्यूरो