मुख्य बाजार की सड़क में पीली पट्टी से सीमांकन करती नगर पालिका टीम।
- फोटो : TANAKPUR
शहर के मुख्य बाजार में शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के फैसले पर अमल के लिए नगर पालिका प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है।
पालिका की टीम नेे बाजार की सड़क पर ठेले लगाने को सीमांकन का कार्य शुरू कर दिया है। शुक्रवार से शाम के वक्त मुख्य बाजार में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध का निर्णय लागू हो जाएगा।
शाम के वक्त मुख्य बाजार में सब्जी मंडी के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। भीड़ के बीच दौड़ते वाहनों से दुर्घटना का तो वहीं भीड़ के बीच घूमते आवारा पशुओं के हमले का भी खतरा बना रहता है।
व्यवस्था में सुधार के लिए बीती 23 जुलाई को पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा की पहल पर पालिका बोर्ड, प्रशासन और व्यापारियों ने बैठक कर शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक मुख्य बाजार में तुलसीराम चौराहा से चड्डा चौराहा तक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। इस फैसले पर अमल के लिए पालिका प्रशासन ने बृहस्पतिवार से सीमांकन शुरू कर दिया है।
जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा, वरिष्ठ लिपिक बसंतराज चंद, विनोद बिष्ट के नेतृत्व में पालिका की टीम ने बाजार की सड़कों पर पीली पट्टी से सीमांकन किया है। फड़ और ठेला व्यवसायियों को पीली पट्टी के अंदर ही फड़ और ठेले लगाने की हिदायत दी गई है। पालिकाध्यक्ष विपिन ने बताया कि शुक्रवार से वाहनों पर प्रतिबंध के फैसले पर अमल शुरू हो जाएगा।