उत्तराखंड पुलिस की टीम काली कुमाऊं राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई है। शुक्रवार को हुए पहले सेमीफाइनल में उसने यूनाईटेड क्लब रुद्रपुर की टीम को टाइब्रेकर में 5-4 से हराया। शानदार गोलकीपिंग करने वाले उत्तराखंड पुलिस के गोलकीपर वीरेंद्र पांडेय को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब दिया गया।
लडवाल फाउंडेशन की ओर गोरलचौड़ मैदान में खेला गया पहला सेमीफाइनल मुकाबला के पहले हाफ तक दोनों टीमें कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरा हाफ भी बराबरी पर छूटा। नतीजे के लिए टाइब्रेकर का सहारा लिया गया। उत्तराखंड पुलिस टीम के गोलकीपर वीरेंद्र पांडेय ने टाइब्रेकर में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल बचाए।
पुलिस की तरफ से शेर सिंह, सौरभ रावत, अशोक सिंह, धनवीर और भानु पांडेय ने गोल किए, जबकि रुद्रपुर के अनुज रावत, राजा रावत, शुभम रावत और आनंद मोहन ही गोल कर सके। फाइनल में अब उत्तराखंड पुलिस का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल के विजेता टीम के साथ होगा। रेफरी सुनील कुमार, लाइंसमैन गौरव खोलिया और भूपाल नेगी थे। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा और रघुराज देउपा ने सुनाया।