चंपावत में फुटबॉल के लिए जूझते उत्तराखंड पुलिस और पिथौरागढ़ के खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
काली कुमाऊं राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस और बनारस की टीम अगले चक्र में पहुंच गई है। रविवार को हुए मुकाबलों में उत्तराखंड पुलिस ने पिथौरागढ़ और बनारस की टीम ने टनकपुर को बाहर का रास्ता दिखाया। बनारस की तरफ से खेल रहे नाइजीरिया खिलाड़ी अब्दुल ने शानदार खेल दिखाया। इससे पूर्व पिथौरागढ़ के जिला जज राजेंद्र जोशी और चंपावत के सीओ पीएस कफलिया ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया।
गोरलचौड़ मैदान में पहला मुकाबला बनारस और टनकपुर के बीच खेला गया। पहले हाफ के पांचवें मिनट में टनकपुर के शशांक ने गोल कर दिया। इसके बाद खेल काफी तेज हो गया। दूसरे हाफ के 79 मिनट में बनारस के विनोद गोल कर मैच को बराबरी पर ले आए। नतीजे के लिए टाइब्रेकर का सहारा लिया गया। बनारस की ओर से अब्दुल, कृष्णा, मदन और विनोद ने गोल किए। टनकपुर की तरफ से शुभम और चिराग नेगी ही गोल कर सके।
दूसरे मैच में उत्तराखंड पुलिस ने पिथौरागढ़ की टीम को तीन गोल से हराया। पहले हाफ के 10वें मिनट में उत्तराखंड पुलिस के रक्षापंक्ति के खिलाड़ी शैलेंद्र नेगी ने हेडर के जरिये पहला गोल किया। इसके बाद इसी टीम के राइट आउट शिशिर साह ने 28वें मिनट में कार्नर शॉट को हेडर के जरिए गोलपोस्ट में डाल दिया। दूसरे हाफ में उत्तराखंड पुलिस के ही हिमांशु ने 75वें मिनट में गोल कर जीत दिला दी। पिथौरागढ़ के गोलकीपर अनिल ने कई शानदार बचाव किए। निर्णायक बीरेंद्र सिंह और तनवीर अहमद, लाइंसमैन गोपाल बिष्ट और शिवा चौधरी थे। चतुर्थ अंपायर बलविंद सिंह थे। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा और रघुराज सिंह देउपा ने सुनाया।