देवभूमि वाहन संचालन समिति ने SDM को सौंपा ज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
देवभूमि वाहन संचालन समिति बनबसा ने नेपाल महाकाली और पवनदूत बस समिति पर महेंद्रनगर में भारतीय वाहनों की बुकिंग पर रोक लगाने का आरोप लगाया है। कहा कि महेंद्रनगर का पुलिस प्रशासन बनबसा की गाड़ियों को जबरन रोक रहा है। कहा कि गाड़ियों से सवारियों को जबरन उतारकर वाहनों का चालान काटकर उत्पीड़न किया जा रहा है। समिति ने नेपाल से आने जाने वाले वाहनों को रोकने और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
सोमवार को समिति अध्यक्ष रफी अंसारी के साथ पदाधिकारियों और सदस्याें ने एसडीएम आकाश जोशी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि उनके वाहनों को नेपाल में रोकने, सवारी उतारने और चालान काटने और सीज करने की धमकी दी जा रही है। जब से भारत नेपाल मैत्री बस सेवा चली है। टैक्सी वाहनों का व्यापार 20 प्रतिशत रह गया है।
अब नेपाल पुलिस और महेंद्रनगर बस समिति की ओर से बनबसा की गाड़ियों को रोका जा रहा है। उन्होंने इस समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में सचिव आर्यन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश मुरारी आदि शामिल रहे।
मझोला में बस खड़ी कर बेंगलुरु के लिए किया जा रहा अवैध संचालन
देवभूमि वाहन संचालन समिति बनबसा ने आरोप लगाया कि भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के नाम पर अधिक संख्या में बसों का संचालन हो रहा है। नेपाल के कुछ बड़े लोग मिलकर अवैध रूप से बेंगलुरु और अन्य शहरों के लिए भी बसें चला रहे हैं। इन अवैध बसों के संचालन से बनबसा के टैक्सी, होटल और अन्य कारोबारियों को नकुसान उठाना पड़ रहा है। पहले 3500 से चार हजार रुपये प्रति यात्री दर पर निजी वाहनों से उनको चकरपुर में बस खड़ी कर भेजा जा रहा था। जब इसकी शिकायत एआरटीओ ऊधमसिंह नगर से की गई तो तब से बसों को यूपी सीमा पर मझोला में खड़ा किया जा रहा है।