चंपावत। मानसून सत्र से पूर्व विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर डीएम विनीत तोमर ने जिला सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कोविड के साथ मानसून भी एक चुनौती है, इसलिए हमें इसे आपदा मानकर ही इसकी तैयारी करनी हैं। उन्होंने जिले के सभी हेलीपैड की लोकेशन अपडेट कर आपदा के वक्त रिस्पांस टाइम कम से कम करने के सख्त निर्देश दिए। कहा कि जल संस्थान मानसून के समय पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल अस्थायी व्यवस्था करना सुनिश्चित करे, जिससे लोगों को पेयजल की दिक्कत ना हो।
सड़क निर्माणदायी संस्थाएं सभी भूस्खलन क्षेत्रों के आसपास जेसीबी मशीन, पोकलैंड एवं ऑपरेटर की तैनाती करें। इससे किसी भी समय आपात की स्थिति में सड़कों को खोला जा सके। डीएम ने एसडीएम टनकपुर हिमांशु कफल्टिया को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत केंद्रों में राशन की व्यवस्था के साथ ही शौचालय, बिजली, पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला युवा कल्याण अधिकारी को पीआरडी जवानों, युवा और महिला मंगल दलों को आपदा के समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम मर्तोलिया, अनिल गर्ब्याल, आरसी गौतम, सीओ टनकपुर अविनाश वर्मा, ईई आरडब्लूडी केके जोशी, ईई यूपीसीएल एसके गुप्ता, ईई लोनिवि एमसी पांडेय आदि थे।