समोसे की एक दुकान में एकत्र सेना भर्ती के लिए मध्य प्रदेश से टनकपुर पहुंचे परेशान युवा।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। सोशल मीडिया पर मिली पिथौरागढ़ में सेना भर्ती की सूचना पर दो हजार किमी. दूर मध्य प्रदेश के सैकड़ों बेरोजगार युवा यहां पहुंच गए। रास्ते में परेशानी झेलते हुए यहां पहुंचे युवाओं को जब भर्ती नहीं होने का पता चला तो वे मायूस होकर वापस घर लौटने को मजबूर हुए।
रविवार देर शाम पिथौरागढ़ जाने के लिए अचानक सैकड़ों युवाओं की भीड़ टनकपुर बस स्टेशन पहुंची तो खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस फौरन बस स्टेशन पहुंची और युवाओं से पूछताछ की तो पता चला कि पिथौरागढ़ में हो रही सेना की भर्ती में शामिल होने के लिए वे मध्य प्रदेश के रीवा जिले से यहां पहुंचे हैं, लेकिन बाद में पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि पिथौरागढ़ बीआरओ में सेना की कोई भर्ती नहीं है। इतनी दूर से पहुंचे युवा पहले तो मानने को तैयार नहीं हुए, लेकिन जब चंपावत पुलिस की ओर से सोशल मीडिया में वायरल सेना भर्ती की झूठी सूचना की जानकारी के बारे में बताया गया तो उन्हें विश्वास हुआ। मजबूरन युवाओं ने टनकपुर के होटलों और फुटपाथों पर रात काटी और सुबह अपने घरों को लौटना शुरू हुए।