टनकपुर(चंपावत)। नगर के ककराली गेट लोहे की पुलिया के समीप मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक राहगीरों पर हमला कर दिया। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों ने राहगीरों को डंक मारना शुरू कर दिया। इस हमले में स्कूटी सवार दो लोगों की हालत बिगड़ गई और उन्होंने किसी तरह अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया।
अस्पताल पहुंचे वार्ड संख्या एक निवासी अभिषेक गड़कोटी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह वह वार्ड नंबर एक शारदा घाट निवासी दिलशाद के साथ स्कूटी पर ककराली गेट से गुजर रहा था। इस दौरान वहां मधुमक्खियां लोगों पर हमला कर रही थी। इस दौरान मधुमक्खियाें ने उन पर भी हमला कर दिया। उसे और दिलशाद के शरीर पर कई जगहों पर डंक मारे।
डॉ. मोहम्मद उमर ने बताया कि दोनों का प्राथमिक इलाज किया। फिलहाल उनकी हालत ठीक है। इधर, ककारली गेट लोहे की पुलिया के पास एक घंटे तक मधुमक्खियां हमलावर रहीं। वहां से गुजर रहे कई लोगों को डंक मारा। लोग मधुमक्खियों से बचने के लिए इधर-उधर भागते रहे।