चंपावत/पूर्णागिरि। पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में लादीगाड़ और ठुलीगाड़ पंपिग पेयजल योजनाओं के लिए शासन ने वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। योजनाओं की कुल लागत 1524.57 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रथम किस्त के रूप में 525.847 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। योजना का निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति होगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मां पूर्णागिरि मेला उद्घाटन में इसकी घोषणा की थी।
प्रभारी डीएम जयवर्धन शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन योजनाओं के बनने के बाद संबंधित क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिलेगा। योजनाओं के तहत सभी संरचनाओं की जीआईसी मैपिंग अनिवार्य होगी, ताकि परियोजना की सटीक निगरानी की जा सके। संवाद
टनकपुर-बनबसा में बिजली सब स्टेशन के लिए दो करोड़ मंजूर
टनकपुर (चंपावत)। शासन से टनकपुर-बनबसा में 220/33 केवी बिजली सब स्टेशन के लिए प्रथम चरण के कार्य के लिए दो करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। शासन के वित्त अनुभाग-एक के निर्देशानुसार डीएम चंपावत जयवर्धन शर्मा को धनराशि आवंटित कर दी गई है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने बताया कि परियोजना आदर्श चंपावत के विजन को साकार करने की दिशा में अहम साबित होगी। संवाद