सड़क हादसे में मृत कार चालक हरिओम कश्यप का फाइल फोटो।
- फोटो : TANAKPUR
नानकमत्ता और झनकट के बीच हाईवे पर शुक्रवार की रात सड़क हादसे में शहर के दो युवकों की मौत की खबर से समूचे शहर में शोक छाया रहा। युवकों के घरों में घटना का पता चलने के बाद से कोहराम मचा है। गमगीन माहौल में दोनों युवकों का शारदा तट पर अंतिम संस्कार किया गया।
वार्ड एक के सभासद कपिल उप्रेती की बीमार माता उप्रेती को डायलिसिस के लिए शारदा चुंगी निवासी पड़ोसी मयंक लोहनी (17) पुत्र भुवन चंद्र लोहनी और कार (यूके 03 बी-3436) चालक हरिओम कश्यप (32) पुत्र बृजलाल कश्यप शुक्रवार को राममूर्ति मेडिकल कॉलेज भोजीपुरा बरेली ले गए थे।
लौटते वक्त नानकमत्ता और झनकट के बीच हाईवे पर उनकी तेज रफ्तार कार विपरीत दिशा से आए एक वाहन से टकरा गई। हादसे में मयंक और कार चालक हरिओम की मौत हो गई, जबकि सभासद कपिल उप्रेती की बीमार मां घायल हैं, जिन्हें बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात में जैसे हादसे की खबर लगी तो परिचित लोग दुर्घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मयंक बीकॉम में पढ़ता था और परिवार का इकलौता पुत्र था। उसके माता-पिता और बहन सदमे में हैं। जबकि कार चालक हरिओम के छोटे-छोटे दो पुत्र और पुत्री हैं। शहर के दो युवाओं की मौत से दिन भर शोक छाया रहा।
सड़क हादसे में मृत मयंक लोहनी का फाइल फोटो।- फोटो : TANAKPUR