चोरी स्थल का मुआयना करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
लोहाघाट (चंपावत)। चोरों ने लोक निर्माण विभाग की आवासीय कॉलोनी में दो इंजीनियरों के घरों के ताले तोड़कर एक घर में रखे 1.20 लाख रुपये चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
लोनिवि में कार्यरत सहायक अभियंता जेपी विश्वकर्मा मेडिकल लीव पर बाहर हैं।
सहायक अभियंता नीतू सिंह भी कार्यालय के काम से देहरादून गई थी। सोमवार को लोनिवि के कर्मचारियों ने अभियंता विश्वकर्मा के कमरे का दरवाजा खुला देखा। वहां किसी के न होने से उन्हें शक हुआ। इस बात का पता चलते ही आवासीय कॉलोनी में रहे लोनिवि कर्मी वहां एकत्र हो गए। उन्होंने देखा कि कमरे का ताला टूटा था। पड़ोसी अभियंता नीतू के कमरे का भी ताला टूटा था। लोनिवि कर्मचारियों ने घटना की सूचना लोहाघाट थाने में दी।
सूचना मिलने पर एसआई गोविंद बल्लभ भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया। देर शाम लोहाघाट पहुंचकर अभियंता नीतू ने बताया कि उनके कमरे में करीब 1.20 लाख रुपये का कैश गायब है, जबकि लेपटॉप, टीवी आदि सामान कमरे में बचा है। पुलिस ने बताया कि अभी घटना की गहनता से जांच की जाएगी। वहीं अभियंता जेपी विश्वकर्मा के बाहर होने के चलते उनके कमरे से हुई चोरी का कोई पता नहीं चल सका। शाम तक पीड़ितों की ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।