रविवार देर रात पुलिस और एसओजी टीम ने दो देसी तमंचों और दो कारतूस के साथ दो लोगों को पकड़ा है। मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसपी ने पुलिस और एसओजी टीम को बधाई दी है।
रविवार रात मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष मनीष खत्री और एसओजी प्रभारी एसआई सुरेंद्र सिंह खड़ायत के नेतृत्व में एसआई ट्रेनी कीर्ति भट्ट, अनीस अहमद, कांस्टेबल नवल किशोर, दीपक प्रसाद, संजय दोसाद, बृजेश कुमार ने क्षेत्र में गश्त शुरू की। उन्होंने एनएचपीसी गेट के पास बाइक (यूपी 25 एएफ 3731) पर सवार दो लोगों को शारदा बैराज की ओर जाते देख रुकने को कहा।
पुलिस को देख बाइक सवार सकपका गए और भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास एक-एक 315 बोर के देसी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा, राजीव नगर निवासी जगपाल सिंह और यूपी पीलीभीत के ग्राम भैंसरा थाना बिसलपुर निवासी धर्मवीर सिंह पर धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।