शुक्रवार रात शहर के अंबेडकर नगर कालोनी वार्ड संख्या तीन में दो झालों में अचानक आग लग गई। इससे दोनों झाले जल गए। साथ ही झालों में रखा सारा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद से पीड़ित दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
अंबेडकर नगर निवासी रिहान पुत्र छुट्टू और मो. ताजिम पुत्र मो. तस्मील का परिवार शुक्रवार रात झाले में सो रहा था। रात करीब 12 बजे अचानक उनके झालों में आग लग गई। आग लगने का पता चलते ही दोनों परिवार आनन-फानन में झालों से बाहर निकले। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों झाले पूरी तरह जल चुके थे। घटना में दोनों परिवारों के सारे कपड़े, घरेलू सामान और दो हजार रुपये की नकदी जलकर नष्ट हुई है। नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, समाजसेवी धर्मानंद पांडेय, सभासद पूजा निषाद, देवेंद्र सिंह आदि ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।