टनकपुर (चंपावत)। नेपाल सीमा से सटे टनकपुर में पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों को 8.46 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस पूछताछ के बाद इस धंधे में लिप्त अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
एसएसआई पूरन सिंह तोमर ने बताया कि मंगलवार को पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस बीच मनिहारगोठ रोड ग्रिप कैंप के पास वार्ड संख्या 4 मछली गली निवासी विशाल मिश्रा के कब्जे से 4.70 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई जबकि दूसरे मामले में हनुमान मंदिर, पार्किंग के पास से वार्ड संख्या 4 निवासी सुधीर शर्मा के पास से 3.76 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इनमें विशाल मिश्रा के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज मिली जबकि आरोप सुधीर शर्मा पर भी धारा 457, 380 आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज मिली। सीओ निहारिका सेमवाल ने बताया कि दोनों से हुई पूछताछ में इस धंधे में लिप्त अन्य के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं जिनकी जांच की जा रही है।