चंपावत। जिले ने एक बार फिर बीस सूत्री कार्यक्रम में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। भारत सरकार के बीस सूत्री कार्यक्रम के क्रियान्वयन में चंपावत जिला पिछले सात माह से लगातार इस रैंकिंग में शीर्ष पर बना हुआ है। डीएम मनीष कुमार के नेतृत्व में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से दिसंबर माह की रैंकिंग में भी प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि चंपावत ने जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर के बाद जनवरी की रैंकिंग में भी पहला स्थान बरकरार रखा है। अर्थ एवं संख्या निदेशालय की रिपोर्ट के अनुसार 40 रैंकिंग मदों में से जिले को 39 में ए और एक में बी श्रेणी मिली है। कुल 123 अंकों में से चंपावत को 122 अंक प्राप्त हुए, जो 99.19 प्रतिशत उपलब्धि को दर्शाता है। वहीं बागेश्वर दूसरे और ऊधमसिंह नगर तीसरे स्थान पर रहा। डीएम मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।