पाटी ब्लॉक में पेयजल संकट गहरा गया है। पेयजल लाइन में टुल्लू पंप लगाने और असमान वितरण ने इस संकट को और अधिक बढ़ा दिया है। ग्रामीणों ने टुल्लू पंप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पाटी की पुरानी लाइन में तीन दिनों से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। चंद्रा लडवाल, नीरज पचौली, सुरेंद्र लडवाल, शांति बिष्ट, लाल सिंह, राजेंद्र सिंह, कैलाश भट्ट, संजय भट्ट, भुवन भट्ट, गीता देवी, रेखा भट्ट, गंगा देवी, ज्योति उपाध्याय ने पेयजल लाइन में टुल्लू पंप लगाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि तहसील दिवस में भी इस मसले को कई बार उठाया गया। बावजूद इसके विभाग ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
ग्रामीणों ने विभाग से टुल्लू पंप वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने व्यवस्था सुचारु नहीं होने पर खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। उधर जल संस्थान के अभियंता चंद्रशेखर पंत ने टुल्लू पंप लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
नगर के बाद गांवों को मिलेगा पानी
ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता के प्रयासों से टैंकर के जरिए पानी वितरण किया जा रहा है। पहले चरण में नगर के सभी मुहल्लों में पेयजल वितरण किया जाएगा। उसके बाद ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल बंटेगा। रविवार को टैंकर से एसबीआई के पास, खेतीखान तिराहे और पिथौरागढ़ रोड के मोहल्ले में पेयजल का वितरण किया गया।