गेहूं की फसल पहली सिंचाई के लिए तैयार हो चुकी है, लेकिन एक सप्ताह से नलकूप की विद्युत मोटर फुंकने से ककरालीगेट क्षेत्र के किसान नलकूप विभाग की सुस्ताई से फसल की सिंचाई को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि समय रहते ट्यूबवेल की मोटर नहीं बदली गई तो उनकी फसल बर्बाद हो जाएगी। इधर नलकूप विभाग के जेई जितेंद्र कुमार का कहना है कि मोटर की मरम्मत करा एक-दो दिन में सिंचाई व्यवस्था सुचारु करा दी जाएगी।
क्षेत्र में गेेहूं की फसल की सिंचाई का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन ककरालीगेट स्थित टू टीजी नलकूप की एक सप्ताह पहले फूंकी मोटर नलकूप विभाग द्वारा दुरुस्त न कराने से कई एकड़ भूमि में खड़ी गेहूं की फसल की सिंचाई अधर में लटकी है। काश्तकार प्रकाश चंद, खड़क चंद, जगदीश बिष्ट, राम सिंह, दिनेश चंद्र पंत आदि का कहना है कि सिंचाई व्यवस्था ठप होने से फसल को नुकसान पहुंचने का अंदेशा बना हुआ है। इधर, नलकूप विभाग के जेई का कहना है कि मोटर की मरम्मत करा ली गई है। सोमवार या मंगलवार को ट्यूबवेल में मोटर लगाकर सिंचाई व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।