टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर चरण मंदिर के पास टायर फटने से आग की चपेट में आया ट्रक। संवाद
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर पूर्णागिरि क्षेत्र के पास टायर फटने से एक ट्रक में एकाएक आग लग गई। पास ही एसएसबी की बार्डर आउटपोस्ट के जवानों ने फौरन मौके पर पहुंच आग पर समय रहते काबू पाया। इससे बड़ा हादसा बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने, तो ट्रक चूका क्षेत्र से अवैध खनन सामग्री ला रहा था।
ठुलीगाड़ पुलिस चौकी के प्रभारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि रविवार अपरान्ह निर्माणाधीन टीजे रोड पर चूका से ठुलीगाड़ आ रहे एक ट्रक का टायर फट गया। टायर के फटने से ट्रक आग की चपेट में आ गया। पास में स्थित एसएसबी की बीओपी के जवानों ने तुरंत मौके पर पहुंच आग बुझाई। बाद में ट्रक को वहां से हटाया गया। जिला खान अधिकारी चित्रा जोशी का कहना है कि चूका क्षेत्र से अभी खनन या चुगान की मंजूरी नहीं दी गई है। इसके बावजूद यहां से अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है।