चंपावत/लोहाघाट। सुबह तेज धूप के बाद बृहस्पतिवार अपरान्ह अचानक तेज बारिश हुई। करीब 3 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान लोहाघाट में अंधड़ भी चला, जिससे चांदमारी में कोषागार के पास ग्राम सभा पाटन-पाटनी की निर्मला सामंत के आवासीय भवन पर देवदार का पेड़ गिर गया। भवन की छत और भवन को काफी नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा आदर्श कालोनी में भरत सिंह बिष्ट की गौशाला में देवदार का पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर फायर कर्मियों और पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद गौशाला के अंदर से मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। भरत ने बताया कि उनके भवन के सामने देवदार का एक और पेड़ गिरने का खतरा है। डिग्री कॉलेज रोड पर इंद्रलाल वर्मा के मकान के पास अखरोट का पेड़ गिरने से नौले को जाने वाला रास्ता अवरुद्ध हो गया है।