विद्युत लाइन पर पेड़ की टहनी डाली
- फोटो : अमर उजाला
शरारती तत्वों की हरकत से जिले के पहाड़ी हिस्से की बिजली ढाई घंटे गुल रही। शरारती तत्वों ने पिथौरागढ़-लोहाघाट के बीच 33 किलोवाट बिजली लाइन पर पेड़ की टहनी डालकर विद्युत लाइन को बाधित कर दिया। आपूर्ति ठप होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। विद्युत विभाग ने लाइन को बाधित करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट, पाटी सहित जिले के समूचे पहाड़ी हिस्से की बिजली सप्लाई ठप हो गई। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड के लोहाघाट के उपखंड अधिकारी एचएस सौन ने बताया कि पिथौरागढ़ सब स्टेशन से संपर्क किया, तो लाइन में गड़बड़ी की जानकारी मिली। इसी बीच बापरू गधेरे के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने विद्युत कर्मी रमेश को सूचना दी कि तल्ली बापरू गांव के नीचे जंगल में विद्युत टावर में धमाके की आवाज आने के साथ चिंगारी निकल रही है।
इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई। इस पर अभियंता अशोक कुंवर, गोपाल सिंह, रमेश महर, जीवन बिष्ट, हरीश सिंह आदि बिजली कर्मी मौके पर पहुंचे। बताया कि किसी शरारती तत्व ने विद्युत टावर में टहनी फंसा दी थी। इसके चलते आपूर्ति ठप रही। बताया कि करीब 1.30 बजे टावर से पेड़ की टहनी को हटाकर आपूर्ति सुचारु की जा सकी। यूपीसीएल चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि शरारती तत्व की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।