निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर भारतोली के पास पहाड़ी को काटतीं मशीनें।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन बारहमासी सड़क पर अब वाहनों पर रात में आवाजाही पर लगी रोक हट गई है। अलबत्ता अभी यह अनुमति टनकपुर से लोहाघाट तक ही दी गई है। एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि अब टनकपुर-लोहाघाट के बीच का 89 किमी का सफर किसी भी वक्त किया जा सकता है। यातायात हादसों से बचाव के मद्देनजर 2002 से इस सड़क पर रात में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित थी।
टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग पर रात सात बजे से सुबह पांच बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित थी। इस अवधि में सिर्फ आपात सेवाओं को ही आवाजाही की अनुमति है। 20 फरवरी को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद अजय टम्टा के निर्देश के बाद वाहनों की आवाजाही पर से इस रोक को हटा दिया गया है। और अब किसी भी समय टनकपुर से लोहाघाट के बीच आवाजाही की जा रही है।
बारहमासी मार्ग पर एक घंटे बंद रही आवाजाही
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक घंटे से अधिक समय तक आवाजाही बाधित रही। भारतोली के पास सड़क कटिंग से आए मलबे से यह नौबत आई। सुबह सवा आठ बजे से कटिंग की वजह से अचानक मलबा आ गया। इसके चलते पिथौरागढ़ और लोहाघाट दोनों तरफ वाहनों का लंबी कतार लग गई। मलबे को हटाने के बाद करीब नौ बजे से आवाजाही फिर से शुरू हो सकी।