लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत के ऋषेश्वर वार्ड और बजरंगबली वार्ड के बीच में वाहन पार्किंग की कोई जगह न होने के कारण वाहन स्वामियों समेत आम लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वाहन चालक हनुमान मंदिर से गांधी चौक तक अपने वाहनों को सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं। इससे इस गली में पैदल चलने तक की जगह नहीं मिल पाती। ऊपर और नीचे की ओर से एक साथ दो बाइकें आने पर यहां हर समय दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। आए दिन बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे वाहनों की चपेट में आकर चोटिल हो रहे हैं।
वाहन चालकों की ओर से अपने वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा करने से आवाजाही में काफी दिक्कतें आती हैं। इस गली से पैदल निकलना तक मुश्किल होता है।
- भूवी माहरा, स्थानीय नागरिक।
प्रशासन की ओर से वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। वाहन पार्किंग की कोई व्यवस्था न होने से बाजार आने वाले लोगों को वाहनों को खड़ा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
- मुख्तार हुसैन, स्थानीय नागरिक।
लोगों की ओर से अपने वाहनों को दुकानों के आगे आड़े तिरछे खड़ा कर दिया जा रहा है। इससे दुकान में ग्राहकों के आने के लिए तक जगह नहीं बचती है। इससे उनके व्यापार पर बुरा प्रभाव पड़ता है।
- नवीन चंद्र जोशी, व्यापारी।
वाहन चालकों के मनमाने तरीके से सड़क के बीचोंबीच अपने वाहनों को खड़ा करने से लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतें होती हैं। लोग बड़ी मुश्किल से वाहनों के बीच से निकल कर जाने को मजबूर हैं।
- संगम खर्कवाल, स्थानीय नागरिक।
तेज गति से वाहन चलाने वालों नहीं मिलता मौका
सड़क पर वाहनों को मनमाने ढंग से खड़ा किया जा रहा है। तेज गति से अपने वाहनों को लाने वाले चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता है। वह अपने साथ दूसरे वाहनों को भी क्षति पहुंचाते हैं।
- अशोक जुकरिया, स्थानीय नागरिक।