मीना बाजार क्षेत्र में निजी मोबाइल कंपनियों और अन्य संस्थाओं द्वारा बार-बार हॉटमिक्स सड़क को खोदने पर व्यापारियों आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर सड़क में की जा रही खुदाई को बंद करने की मांग की है। कार्य बंद न किए जाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद वर्मा, देवकी नंदन गड़कोटी, दीपक राय, धर्मानंद राय के नेतृत्व में ईई से मिले व्यापारियों का कहना है कि मीना बाजार में बार-बार हॉटमिक्स रोड को तोड़कर नालियों का खुदान किए जाने से रोड में बार-बार जाम लग रहा है। धूल के कारण उनका दुकानों में बैठना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना था कि करीब छह माह पूर्व भी सड़क का खुदान किया गया था, खुदाई के बाद कंक्रीट भी ठीक ढंग से नहीं डाला गया।
उन्होंने सड़क पर चल रहे कार्य को बंद करने, सड़क को शीघ्र ठीक करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में सुमित गड़कोटी, जयंत साह, दीपक साह, भुवन मेहता, दिनेश राय, उमेद सिंह, खिलानंद, भवानी दत्त, जगदीश चंद्र खर्कवाल आदि व्यापारी शामिल थे।