राज्य बनने के बाद पहली बार चंपावत व्यापार संघ के चुनाव होंगे। शनिवार को व्यापारियों की बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी नारायण दत्त गड़कोटी ने चुनाव कार्यक्रम का एलान किया। मतदान 25 दिसंबर को होगा। श्रम विभाग में पंजीकृत 439 व्यापारी चुनाव में हिस्सा लेंगे।
अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, उप सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव होंगे। नामांकन पत्रों की बिक्री 17 और 18 दिसंबर को होगी। नामांकन पत्र 20 दिसंबर तक जमा होंगे। 21 को जांच और अगले दिन नाम वापसी होगी। 25 दिसंबर को मतदान और इसके बाद मतगणना और परिणाम की घोषणा होगी। मतदान में हिस्सा लेने के लिए सदस्यता रसीद, आधार कार्ड अथवा श्रम विभाग पंजीकरण में से किसी एक प्रपत्र को दिखाना जरूरी होगा। मतदाता सूची 12 दिसंबर से 100 प्रति सेट के हिसाब से बिक्री की जाएगी। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए न्यूनतम आयु 35 वर्ष और पांच वर्ष का व्यापारिक अनुभव जबकि अन्य चार पदों के लिए 30 वर्ष की उम्र तथा तीन साल का अनुभव जरूरी होगा। बैठक में सहायक चुनाव अधिकारी बसंत तड़ागी, विक्रम खाती, दीवान सिंह बोहरा मौजूद थे।