टी जे रोड के लिए इंजीनियरों की टीम गठित
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-जौलजीबी मार्ग निर्माण के लिए सरकार ने अलग इकाई गठित कर दी है। समर्पित परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) का कार्यालय शुक्रवार को टनकपुर में खोला गया। इकाई में तैनात इंजीनियरों की टीम ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। फिलहाल पीआईयू का दफ्तर अस्थायी रूप से लोनिवि परिसर में खोला गया है।
भारत-नेपाल सीमा पर सामरिक लिहाज से महत्वपूर्ण टनकपुर-जौलजीबी मार्ग निर्माण की कार्रवाई तेज हो गई है। किमी 1 से किमी 55 तक सड़क निर्माण की मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार ने लोनिवि की पीआईयू नामक अलग इकाई गठित की है। इकाई में एक ईई और चार इंजीनियरों की तैनाती की गई है। इंजीनियर बीसी पंत को इकाई का अधिशासी अभियंता नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सहायक अभियंता अनुपम राय, अपर सहायक अभियंता सुरेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता वीएस पोखरिया, हरीश जोशी की तैनाती हुई है। अधिशासी अभियंता पंत ने कहा कि सड़क निर्माण की इस परियोजना का त्वरित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के उद्देश्य से पीआईयू का गठन किया गया है। उनकी इकाई तेजी से सड़क का निर्माण शुरू करेगी। इधर, प्रदेश सरकार द्वारा अलग इकाई गठित किए जाने से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित इस सड़क का जल्द निर्माण होने की उम्मीद जगी है।