टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि बार एसोसिएशन अध्यक्ष पद का चुनाव दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने से टाई हो गया है। अलबत्ता सचिव पद पर कमल गड़कोटी, उप सचिव पद पर त्रिभुवन सजवान और लेखा परीक्षक पद पर विजय चंद को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। अध्यक्ष के चुनाव के लिए अब बैठक कर आपसी सहमति से कोई निर्णय लिया जाएगा।
शुक्रवार को तहसील परिसर में सुबह 10 बजे से अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू हुआ। अध्यक्ष पद के लिए उमेश चंद्र डुंगरिया व विजय शुक्ला के बीच मुकाबला था। दोपहर दो बजे तक हुए मतदान में 29 में से 26 सदस्य अधिवक्ताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। तीन बजे मतगणना हुई तो दोनों ही प्रत्याशियों को 13-13 मत हासिल हुए, जिससे कोई नतीजा नहीं निकल पाया। मतदान व मतगणना चुनाव अधिकारी सुरेश चंद व सहायक चुनाव अधिकारी शंकर दत्त भट्ट की निगरानी में हुआ। चुनाव अधिकारी सुरेश चंद ने सचिव, उप सचिव और लेखा परीक्षक पद पर निर्वाचित निर्वाचन की घोषणा की। चुनाव अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष के चुनाव के लिए टॉस किया जाएगा, पर्ची डाली जाएगी या अन्य कोई निर्णय लिया जाएगा, इसका फैसला आने वाले दिनों में बैठक कर तय किया जाएगा। बता दें कि उपाध्यक्ष पद पर किसी के नामांकन नहीं कराने से यह पद रिक्त है।