टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलौन के पास भिड़ी कार और जीप। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलौन के पास एक कार और पिकअप में भिड़ंत हो गई। हादसे में लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त ईई डीडी भट्ट भी जख्मी हो गए। उनके अलावा दोनों वाहनों के चालक भी चोटिल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
बृहस्पतिवार दोपहर में तिलौन के पास लोहाघाट से चंपावत की ओर आ रही कार (यूके 03/ टीए1511) और घाट की ओर जा रही पिकअप (यूपी 25/ ईटी 2735) में आमने-सामने की टक्कर लग गई। दोनों वाहनों के एकाएक टकराने से सेवानिवृत्त ईई डीडी भट्ट और उनके चालक प्रकाश राम के अलावा पिकअप चालक वासित चोटिल हो गए। हादसे की जानकारी लगते ही पुलिस के यातायात निरीक्षक पीडी भट्ट, ज्योति प्रसाद और देवनाथ गोस्वामी ने तुरंत मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल पहुंचवाया। सभी घायलों को मामूली चोटें आई है। इलाज के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है।