टनकपुर में मधुमक्खियों के हमले में घायल छात्राएं। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। जीजीआईसी परिसर में मधुमक्खियों ने तीन छात्राओं को डंक मार कर घायल कर दिया। तीनों छात्राओं का उप जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज किया गया। पिछले कुछ दिनों से मधुमक्खियां अब तक 12 से अधिक लोगों को डंक मार चुकी हैं।
शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल के मैदान के पास मधुमक्खियां हमलावर हो गईं। इस बीच वहां मौजूद कक्षा आठ की छात्रा अंकिता (13) पुत्री सुनील कुमार निवासी आंबेडकर नगर, कक्षा सात की श्रद्धा (11) पुत्री अर्जुन निवासी नई बस्ती और कक्षा सात की ही छात्रा अमृता शर्मा (12) पुत्री नरेश शर्मा निवासी वार्ड संख्या 5 को मधुमक्खियों ने डंक मार दिया। मधुमक्खियों के हमले के चलते स्कूल में अफरातफरी मच गई।
स्कूल कर्मी कविता देवी ने बताया कि किसी तरह छात्राओं को अस्पताल लाया गया। तीनों घायलों का उप जिला अस्पताल में डाॅ. आफताब अंसारी ने प्राथमिक इलाज किया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में मधुमक्खियों के हमलावर होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। अब तक कई घायलों का उप जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज हो चुका हैं।