चंपावत जिले की लधिया और रतिया नदी के संगम पर स्थित सिखों के प्रमुख तीर्थ स्थल गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में तीन दिवसीय सालाना जोड़ मेला शुरू हो गया है। गुरु ग्रंथ साहिब पाठ की लड़ी के साथ डीएम नवनीत पांडे ने मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नानक जी ने प्रत्येक व्यक्ति को स्वाभिमान पर आधारित जीवन जीने के प्रति जागरूक किया और भारतीय समाज एवं संस्कृति को नई ऊर्जा और चेतना प्रदान की।
मंगलवार को डीएम ने जोड़ मेले की सभी को लख-लख बधाइयां देते हुए कहा कि यह मेला सभी के जीवन में नव सृजन, उमंग लेकर आए। उन्होंने कहा की गुरुनानक देव की शिक्षाएं सभी मानव जाति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गुरु नानक देव की साधना और चमत्कार ने रीठा साहिब के कड़वे रीठे में मिठास भर मानवता को प्रेम, सेवा और समर्पण का संदेश दिया है।
गुरुद्वारा प्रबंधक श्री रीठा साहिब के बाबा श्याम सिंह ने पुलिस और प्रशासन की ओर से तीन दिवसीय जोड़ मेले में दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार जताया। इस दौरान एसपी अजय गणपति, बीडीओ पाटी सुभाष लोहनी, तहसीलदार बीएस कठायत, थाना अध्यक्ष रीठा प्रताप सिंह नेगी, टीएसआई ज्योति प्रकाश, कारसेवा दिल्ली प्रमुख बाबा बचन सिंह, बाबा सुरेंद्र सिंह, नानकमत्ता के बाबा रविंद्र सिंह, रीठा साहिब के श्याम सिंह, मुख्य ग्रंथी अजीत पाल सिंह, अजीत सिंह, मलकीत सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह आदि मौजूद रहे।डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
डीएम ने मेला क्षेत्रांतर्गत निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग को अस्थायी लकड़ी के पुल को ठीक करने के निर्देश दिए। सीएनडीएस को अस्थायी वाहन पार्किंग स्थल का विस्तार करने के साथ ही जिला पंचायत को मेला क्षेत्र अंतर्गत नियमित सफाई के निर्देश दिए। इससे पूर्व डीएम ने लोहाघाट से रीठा तक विभिन्न क्षेत्र श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए लंगर स्थलों का निरीक्षण किया। लंगर वाले स्थानों पर जल संस्थान पेयजल टैंकरों से पानी उपलब्ध करा रहा है।