पूर्णागिरि(चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी है। बुधवार को भी करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। इस बीच दिन में गर्मी की वजह से सुबह और शाम को दर्शन के लिए लंबी-लंबी लाइन लग रही हैं। पड़ाव क्षेत्रों से श्रद्धालु मां के जयकारों के साथ आगे बढ़ने से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
इस बीच ठूलीगाड़ में दिन भर विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों की ओर से भंडारे लगते रहे। मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि नेपाल के श्रद्धालुओं के जत्थे भी आना जारी हैं। उत्तर भारत से एक्सप्रेस, मेला स्पेशल और डेमू, पैसेंजर ट्रेनों से भी प्रति दिन खासी संख्या मेंं श्रद्धालु पड़ाव क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। इससे रेलवे स्टेशन में भी माहौल भक्तिमय बना हुआ है। संवाद