पाटी में रसोई गैस नहीं आने से उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतें हो रही है। लोगों का कहना है कि पिछले दो माह से यहां गैस की आपूर्ति नहीं हुई है। कुमाऊं मंडल विकास निगम की गैस एजेंसी में लगातार संपर्क करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पूर्व सैनिक लीग अध्यक्ष तेज सिंह बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक जोशी, शोबन सिंह मौनी, राजू लडवाल, सुरेंद्रराज, ललित पाटनी, सुरेश भट्ट, गोविंद पचौली आदि का कहना है कि पाटी में जिला प्रशासन ने 18 वर्ष पूर्व गैस एजेंसी के लिए भवन बनाया था, लेकिन वहां एजेंसी स्थापित न कर वीरान छोड़े जाने से अब वह क्षतिग्रस्त हो रहा है। उसकी मरम्मत कर स्थानीय स्तर पर लोगों को गैस उपलब्ध कराई जाए।
इधर, गैस एजेंसी के प्रभारी प्रदीप कार्की का कहना है कि दीपावली के दौरान लंबे अवकाश के चलते गैस की आपूर्ति बाधित हुई है। पाटी में शीघ्र गैस की आपूर्ति की जाएगी। रविवार को बाराकोट के खाल तोक और शनिवार को चमदेवल में गैस की आपूर्ति की गई है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के तीन-चार दिन बाद गैस नगरीय क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही है।