टनकपुर (चंपावत)।
मां श्री पूर्णागिरि धाम में थर्टी फर्स्ट मेले की प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। मंगलवार को एसडीएम अनिल चन्याल ने व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों और मंदिर समिति के लोगों के साथ बैठक की।
तहसील में हुई बैठक में तय किया गया कि ठुलीगाड़-भैरव मंदिर मार्ग पर टैक्सी यूनियन की 30 से 35 मैक्स कैबों का संचालन होगा। रात्रि नौ बजे बाद ठुलीगाड़ से आगे वाहन नहीं चलेंगे। भीड़ नियंत्रित करने को मंदिर समिति द्वारा झूठा मंदिर एवं तिलहर धर्मशाला के पास बैरियर लगाया जाएगा।
काली मंदिर से मुख्य मंदिर तक समिति द्वारा सफाई और बिजली की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की मदद के लिए मुख्य मंदिर में स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। इस दौरान बिजली विभाग को थर्टी फर्स्ट से एक जनवरी तक बिजली की नियमित आपूर्ति सुुचारु रखने और जल संस्थान को पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। पुलिस और एसएसबी को हुड़दंग मचाने वालों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
धाम में मदिरा एवं मांस ले जाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पूर्णागिरि मार्ग पर जगह-जगह सघन चेकिंग करने को कहा गया है। पार्किंग ठेकेदार को बूम पार्किंग स्थल पर बिजली की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं। भैरव मंदिर में पार्किंग स्थल से आगे टैक्सी एवं यात्रियों के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा वन्यजीवों के खतरे को देखते हुए वन विभाग को रात के वक्त पूर्णागिरि मार्ग पर नियमित गश्त के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल वीसी शर्मा, जलसंस्थान के एई प्रेमजी श्रीवास्तव, लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट, एसएसबी और खुफिया कर्मियों के अलावा मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय, कोषाध्यक्ष कैलाश पांडेय, उप प्रधान मोहन चंद्र पांडेय, रमेश तिवारी आदि मौजूद थे।
दर्शन के लिए 24 घंटे खुलेेंगे मंदिर के कपाट
मां श्री पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि थर्टी फर्स्ट मेले के चलते दर्शन के लिए मुख्य मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहेंगे। इसके अलावा इस बार समिति द्वारा नववर्ष के आगाज पर मुख्य मंदिर को फूलों से भव्य तरीके से सजाया जाएगा।