बृहस्पतिवार तड़के चोरों ने शहर में धावा बोलते हुए दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने एक मेडिकल स्टोर के शटर का ताला तोड़कर करीब पंद्रह हजार रुपये की नकदी चुराई है। चोरों ने एक दूसरी दुकान में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन शटर का सेंट्रल लॉक न खुलने से वे सफल नहीं हो सके। आसपास लगे सीसी कैमरों में चोरों की फुटेज कैद हुई है। इसमें बाइक सवार तीन चोर घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
बृहस्पतिवार तड़के चोरों ने पहले मुख्य बाजार स्थित बिष्ट मेडिकल स्टोर में धावा बोला। शटर में लगे तालों को रॉड से तोड़कर दुकान में घुसे चोरों ने काउंटर की रैक खंगाली और गल्ला साफ कर दिया। मेडिकल स्टोर स्वामी एचएस बिष्ट ने बताया कि चोर गल्ले में रखी करीब पंद्रह हजार की नकदी चुरा ले गए हैं, जबकि उन्होंने दवाइयों को हाथ तक नहीं लगाया। इससे लगता है कि चोरों का मकसद सिर्फ नकदी चुराना था। इस घटना के बाद चोरों ने शास्त्री चौक के पास विद्या इलेक्ट्रानिक में शटर के ताले तोड़कर धावा बोलने की कोशिश की। चोरों ने शटर में लगे दो साइड ताले तो रॉड़ से तोड़ दिए, लेकिन सेंट्रल लॉक नहीं तोड़ पाने से वह अपने मकसद में सफल नहीं हो पाए। सुबह चोरी का पता चलने पर कोतवाल अरुण कुमार वर्मा और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। कोतवाल ने बताया कि शास्त्री चौक के पास आसपास की दुकानों में लगे सीसी कैमरों में चोरों की फुटेज कैद हुई है। इससे पता चला है कि चोरों ने सुबह सवा चार बजे घटना को अंजाम दिया है। फुटेज में बाइक सवार तीन चोरों की पहचान कर उन्हें दबोचने का प्रयास किया जा रहा है। बहरहाल खबर लिखे जाने तक पीड़ित दुकान स्वामियों ने कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
टनकपुर, बनबसा, चंपावत बाजार में जल्द लगेंगे सीसी कैमरे : गहतोड़ी
विधायक कैलाश गहतोड़ी ने चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। उन्होंने एसपी रामचंद्र राजगुरु से वार्ता कर चोरों को जल्द दबोचने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने कहा कि जल्द ही टनकपुर, बनबसा और चंपावत का शहर सीसी टीवी कैमरों की नजर रहेगी। जल्द ही बजट की व्यवस्था कर तीनों शहरों में सीसी कैमरे लगाने का काम शुरू कराया जाएगा। विधायक ने बताया कि उन्होंने एसपी से फोन पर बात कर चोरों को शीघ्र पकड़ने और रात्रि गश्त बढ़ाने के लिए कहा है।