बनबसा फागपुर में रेलवे के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
अंबेडकर ग्राम फागपुर से मिट्टी उठाकर भजनपुर में सड़क निर्माण में डालने से किसानों के खेतों को जाने वाले मार्ग पर गड्डे बन जाने से आक्रोशित अंबेडकर ग्राम फागपुर के ग्रामीणों ने गांव में रेलवे के खिलाफ प्रदर्शन कर सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने फागपुर से सेना छावनी तक सड़क बनाने, सड़क से बरसाती पानी की निकासी किए जाने मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को अंबेडकर ग्राम फागपुर के ग्रामीणों ने ग्रामप्रधान गीता देवी के नेतृत्व में रेलवे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर सांकेतिक धरना दिया। ग्रामीणों ने रेलवे क्रासिंग निर्माण करा रहे मजदूरों को भी खदेड़ दिया। ग्रामप्रधान ने बताया कि रेलवे ठेकेदार ने बिना जिला प्रशासन की अनुमति के जेसीबी, ट्रैक्टर ट्रालियों से ग्रामीणों के खेतों को जाने वाले मार्ग की भूमि से मिट्टी उठा कर भजनपुर में बन रही सड़क पर डाल दी। यहां तक कि मिट्टी उठान की रायल्टी भी नहीं चुकाई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे ठेकेदार द्वारा जेसीबी मशीन से मिट्टी का उठान किए जाने से किसानों का अपनी भूमि पर जाने वाला मार्ग पर तालाब बन गया है। ग्रामीणों ने शीघ्र ही सड़क निर्माण न किए जाने, सड़क से बरसाती पानी की निकासी न किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर उपप्रधान विमला देवी, शंकर लाल वर्मा आदि मौजूद थे।