चंपावत। डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर जिले में बर्ड फ्लू से बचाव के लिए सतर्कता जारी है। इसमें कुक्कुट प्रजाति के पक्षियों की सुरक्षा और संभावित संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) के सभी प्रवेश द्वारों पर मुर्गियों, अंडों और फीड के आगमन पर रोक लगाई गई है।
एडीएम जयवर्धन शर्मा ने बताया कि संभावित संक्रमण की रोकथाम के लिए आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत तहसील पूर्णागिरि के सभी प्रवेश बिंदुओं पर आने वाली मुर्गियों और अंडों के परिवहन पर 25 अगस्त से एक सप्ताह की अवधि तक प्रतिबंध लगाया गया है। बताया कि जिले की सीमाओं पर सतर्कता लगातार जारी है। पशुपालन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें चौकसी में तैनात हैं। पशुपालन, जिला पंचायत और अन्य विभागीय टीमें नियमित रूप से मांस की दुकानों का निरीक्षण कर रही हैं। दुकानदारों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित संक्रमण की रोकथाम के लिए नियमित रूप से सैंपलिंग भी की जा रही है।