टनकपुर(चंपावत)। शारदा वन रेंज से सटे उचौलीगोठ में बृहस्पतिवार की रात फिर हाथी घुसा। ग्रामीणों ने शोर मचाया जिस पर हाथी गेहूं की फसल को रौंदते जंगल में चला गया। भयभीत ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को गांव में घुसने से रोकने के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही तहसील मुख्यालय में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
समाजसेवी गणेश महर ने बताया कि देर शाम करीब सात बजे के बाद हाथी उचौलीगोठ गांव में घुस आया। बताया कि ग्रामीणों के शोर मचाने पर रात करीब 12 बजे उसे गांव से भगाया जा सका। इस बीच हाथी ने तान सिंह, रघुवर सिंह, रमेश भट्ट, दान सिंह, पान सिंह के गेहूं की फसल रौंद दी। बताया कि वन विभाग को कई बार इसकी सूचना दी गई, लेकिन सोलर फेंसिंग के बावजूद भी हाथी गांव में घुस रहा है।