मानसिक तनाव के चलते यहां निवास कर रहे बरेली के एक युवक ने शारदा में छलांग लगाकर आत्महत्या की है। घटना की सूचना के बाद से उसकी तलाश में जुटी पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बरेली के ग्राम बिहारीपुर निवासी मंगू (35) बरेली में किसी के साथ विवाद होने पर एक माह पूर्व आकर पत्नी मीना देवी के साथ रह रहा था। मंगू पांच दिन पूर्व नशे की हालत में पत्नी के सामने ही शारदा में कूद गया था। पत्नी की सूचना पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया की सोमवार को मंगूू का शव बैराज गेट में अटका मिला जिसे नदी से निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पत्नी से की गई पूछताछ का हवाला देते हुए कोतवाल ने बताया कि मृतक का बरेली में किसी के साथ विवाद हो गया था जिसके बाद वह यहां आकर मछली गली में किराये के मकान में रहा था। उसकी पत्नी ने बताया कि पांच दिन पूर्व उसका पति नशे की हालत में उसे बैराज मार्ग की ओर ले गया था। आत्महत्या की बात कहते हुए उसी के सामने नदी में कूद गया था। कोतवाल ने बताया कि परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।