स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को आयोजित रन फॉर चेंज दौड़ में करीब ढाई हजार से ज्यादा महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने दौड़ लगाकर राष्ट्र की तरक्की की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया। दौड़ के लिए लोगों में गजब का उत्साह नजर आया। सुबह छह बजे से ही शहर के गांधी मैदान में प्रतिभागियों का तांता लगना शुरू हो गया था। समापन पर लक्की ड्रा से निकाले गए पुरस्कारों में प्रथम पुरस्कार आरती देवी ने जीता जिसे ग्यारह हजार रुपये की नगद धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। दूसरा पुरस्कार 5100 रुपये सीता कुमारी और तीसरा पुरस्कार 3100 सौ रुपये अनुज कुमार ने जीता।
इसके अलावा हीरा देवी, ध्रुव तिवारी, वैशाली, ललित सिंह, कनिका प्रजापति ने 1100-1100 सौ रुपये का सांत्वना पुरस्कार जीता। समाजसेवी मदन सिंह महर द्वारा आयोजित रन फॉर चेंज का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि रिटायर्ड ब्रिगेडियर पुष्कर चंद ने किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को दौड़ के लिए रवाना किया। शहर के गांधी मैदान से दौड़े प्रतिभागी पीलीभीत चुंगी और पिथौरागढ़ चुंगी होते हुए वापस गांधी मैदान में लौटे। आयोजक द्वारा प्रतिभागी ढाई हजार धावकों को टी-शर्ट दी गई। महर ने कहा कि दौड़ के आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साहित करना और मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने को प्रेरित करना था। आयोजन को संपन्न कराने में पूर्व राज्यमंत्री बीना महराना, पूर्व विधायक केसी पुनेठा, समाजसेवी धर्मानंद पांडेय, सुभाष बगौली, गोविंद महर, आदि ने सहयोग दिया।