बाराकोट ब्लाक में इंद्रपुरी सड़क का मलबा खाई में फेंके जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने शीघ्र मलबे का निस्तारण नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इन दिनों इंद्रपुरी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क के ठीक नीचे बसे बैड़ाओड़ के ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान निकलने वाले मलबे को सीधे खाई में फेंका जा रहा है। जिससे मलबा सीधे ग्रामीणों के घरों और खेतों में जा रहा है। सेरी के ग्रामीण जगजीवन प्रसाद, प्रकाश राम, सुंदर राम, पनीराम, बद्रीराम, बचीराम का कहना है कि उन्हें सड़क निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है।
लेकिन इससे निकलने वाले मलबे से उनका जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों को कहना है कि मलबे से पानी का स्रोत भी सूखने की कगार पर पहुंच गया है। इस बावत डीएम को ज्ञापन भी भेजा गया था, जिसमें उन्होंने सड़क से निकलने वाले मलबे को डंपिंग जोन में डलवाए जाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने अब कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।