प्राध्यापकों के रिक्त पद भरने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित महाविद्यालय छात्रसंघ का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। तहसीलदार भगीरथ जोशी और प्राचार्य डा. जी प्रकाश ने आंदोलन स्थल पर छात्र नेताओं से वार्ता की, लेकिन छात्र नेता ने धरना खत्म करने से इनकार कर दिया।
कॉलेज में गणित और शिक्षाशास्त्र के प्राध्यापक की तैनाती, पुस्तकालयाध्यक्ष की तैनाती, क्रीड़ा प्रभारी को हटाकर नया क्रीड़ा प्रभारी तैनात करने, विश्वविद्यालय स्तर के कार्य के लिए महाविद्यालय में कैंप कार्यालय खोलने अथवा वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर छात्रसंघ ने दो दिसंबर से आंदोलन की राह पकड़ी है। शुक्रवार को भी छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट की अगुवाई में छात्रों ने कॉलेज गेट पर प्रदर्शन कर धरना जारी रखा।
तहसीलदार भगीरथ जोशी ने प्राचार्य के साथ धरना स्थल पर जाकर आंदोलित छात्र नेताओं से वार्ता कर शीघ्र मांगें पूरी कराने का भरोसा दिलाया, परंतु छात्र नेता नहीं माने। उनका कहना था कि मांगों पर अमल से पहले वे किसी सूरत में आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। धरने पर बैठने वालों में उप सचिव राजकिशोर भंडारी, छात्रा उपाध्यक्ष कोमल टम्टा, नवीन कुमार, दीपक कुमार, शुभम पांडेय, जीवन भंडारी, योगेश कुंवर, नीरज अधिकारी, गोविंद बिष्ट, रोहित जोशी, आकाश पाटनी, प्रमोद कोठारी, फरहानाज, मंजू शर्मा, किरन भंडारी, कविता जोशी, भावना आदि शामिल थे।