पीपीपी मोड में संचालित अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध शुक्रवार को बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। सीएमओ डा.विनोद टोलिया के आश्वासन पर डाक्टरों ने दो घंटे बाद पुन: काम शुरू कर दिया। इस दौरान सीएमएस डा.मंजीत सिंह ने रोगियों का उपचार किया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से समय से मेडिकल स्टाफ को वेतन न दिए जाने पर तीसरी बार डाक्टर हड़ताल पर उतर आए। यूनिट हेड रवि सिन्हा, ईएनटी सर्जन डा.आयुष, हड्डी सर्जन डा.अश्विनी पंचाल, डा.मनोज, डा. सुपर्णा, डा. अजय, डा. सुशीला साह, डा. आशीष का कहना था कि उन्हें हड़ताल करने का कोई शौक नहीं है। उन्हें समय से वेतन नहीं दिया जाता है। इसकी जानकारी प्रबंधन को देने के बाद उन्हें झूठे वायदे कर बहकाया जाता रहा है। सीएमएस ने हड़ताली चिकित्सकों को समझाने बुझाने का प्रयास किया गया।
डाक्टरों का यह भी कहना है कि निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत उनके वेतन का भुगतान अगर भविष्य में नहीं किया गया तो ऐसे हालातों में वह काम नहीं कर पाएंगे। यूनिट हेड का कहना है कि प्रबंधन को लगातार वेतन भेजने के लिए कहा जाता रहा है। उधर पैरा मेडिकल स्टाफ का कहना है कि एक ओर उन्हें बहुत कम मानदेय दिया जाता है। उस पर भी समय से भुगतान न होने के कारण उन्हें काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।