काली कुमाऊं राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता जारी है। दूसरे दिन टनकपुर ने गढ़वाल स्पोर्टिंग की टीम को टाइब्रेकर में 4-3 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
गोरलचौड़ मैदान में टनकपुर और गढ़वाल स्पोर्टिंग के बीच कड़ा मुकाबला खेला गया। पहले हाफ के नौ मिनट तक दोनों ही टीम के खिलाड़ियों ने एक दूसरे पर कई आक्रमण किए। दसवें मिनट में टनकपुर के सेंटर फारवर्ड रवींद्र ने गोल कर दिया। इसके एक मिनट बाद ही रवींद्र ने एक और गोल कर गढ़वाल स्पोर्टिंग के खेमे में खलबली मचा दी। दो गोल से पिछड़ रही गढ़वाल स्पोर्टिंग की टीम के त्रिभुवन ने 14 वें मिनट में गोल कर दिया। इसके बाद खेल काफी तेज हो गया। दोनों टीम के खिलाड़ियों ने एक दूसरे पर आक्रमणों की झड़ी लगा दी। लेकिन गोल करने में नाकाम रहे।
दूसरा हाफ खत्म होने से दो मिनट पहले गढ़वाल स्पोर्टिंग को कार्नर मिला। पूरा फायदा उठाते हुए इस टीम के भुवन ने गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। रेफरी की फाइनल सीटी बजने के साथ ही मैच टाइब्रेकर में चला गया। जिसमें टनकपुर की तरफ से पंकज, सुमित, नवीन और जीतू ने गोल किए। जबकि गढ़वाल स्पोर्टिंग की तरफ से सचिन, त्रिभुवन और राहुल ही गोल कर सके। रेफरी सुनील कुमार, भूपाल सिंह, हीरा सिंह और अतुल अधिकारी थे। आंखों देखा हाल अशोक वर्मा और रघुराज देउपा ने सुनाया। वहां पर आयोजक नरेंद्र लडवाल, सज्जन वर्मा, बहादुर फर्त्याल, प्रहलाद मेहता मौजूद थे।
आज खेले जाएंगे दो मुकाबले
चंपावत। राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला मेजबान चंपावत और पिथौरागढ़ जबकि दूसरा मैच आक्रांता देहरादून और बनबसा के बीच होगा।