चंपावत। जिला मुख्यालय के छीड़ापानी शीतजल मत्स्यकीय अनुसंधान केंद्र में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत एक दिनी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के तहत काश्तकारों को वैज्ञानिक विधि से पर्वतीय क्षेत्र के मत्स्य पालन संबंधी टिप्स दिए गए। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मत्स्य पालकों को मत्स्य बीज, उपकरण और मछली चारे का वितरण भी किया गया। इससे पूर्व राष्ट्रीय शीतजल मात्स्यिकी अनुसंधान केंद्र भीमताल के निदेशक देवाशीष शर्मा ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न मत्स्य पालकों को जोड़ने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का समय-समय पर आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर भीमताल से आए डॉ. दीप ज्योति सिंह, डॉ. परवेश अशरफ, डॉ. आरएस हाल्दार, छीड़ापानी केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. कुणाल किशोर, डॉ. गरिमा, हंसा दत्त सनवाल, विमल साह, संदीप पांडेय, रवींद्र कुमार आदि थे।